राजस्थान सेवा सदन ने नेत्र अस्पताल के पुनर्विकास, 2,000 नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की योजना घोषित की।
राजस्थान सेवा सदन, जुगसलाई, जमशेदपुर की वार्षिक आमसभा रविवार को आयोजित की गई। संस्था के अध्यक्ष दिलीप गोयल ने कहा कि राजस्थान सेवा सदन का उद्देश्य इसे एक बेहतर और आधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित करना है। उन्होंने नेत्र अस्पताल के पुनर्विकास और आधुनिक सुविधाओं से युक्त लगभग 2,000 नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन प्रतिवर्ष कराने की योजना की जानकारी दी। आमसभा में संस्था की आय में वृद्धि और विभिन्न विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष दिलीप गोयल, महासचिव सीए जगदीश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष सीए मनीष केडिया, उमेश कवटिया, पूर्व अध्यक्ष दीपक भालोटिया, उपाध्यक्ष मंटू लाल अग्रवाल, संयुक्त सचिव दीपक रामुका और ट्रस्ट मंडल सदस्य श्रवण देबुका द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
स्वागत भाषण में अध्यक्ष दिलीप गोयल ने कहा कि संस्था निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नेत्र अस्पताल के पुनर्विकास के साथ-साथ आधुनिक उपकरणों और सुविधाओं के माध्यम से हर वर्ष लगभग 2,000 गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सेवा सदन को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने और अन्य विकास परियोजनाओं की भी जानकारी दी।
महासचिव की रिपोर्ट
महासचिव सीए जगदीश खंडेलवाल ने अपने प्रतिवेदन में पिछले एक वर्ष के दौरान सेवा सदन में किए गए विभिन्न विकास और सुधार कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद कोषाध्यक्ष सीए मनीष केडिया ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में संस्था की आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
सदस्यों की सहभागिता
आमसभा को पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, पूर्व अध्यक्ष दीपक भालोटिया, उमेश कवटिया और सत्यनारायण अग्रवाल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की सफलता में मुरलीधर केडिया, राजेश रिंगासिया, सीए बिनोद सरावगी, सावरमल शर्मा, डॉ. दीपक केडिया, उमेश अग्रवाल, विश्वनाथ शर्मा, अरुण अग्रवाल सहित कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।